पीडीडीयू नगर। बरहनी विकासखंड के इमिलिया गांव में आजादी के बाद से कच्चे पड़े मुख्य मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। ग्रामीणों की मांग पर सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह की विधायक निधि से 10.50 लाख रुपये की लागत से करीब 125 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क बनाई जाएगी। शासन से कार्ययोजना को मंजूरी मिलने के बाद ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गांव का मुख्य मार्ग कच्चा होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। बारिश के दिनों में सड़क पर पानी भरने और कीचड़ होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। किसानों को खेतों तक पहुंचने और स्कूली बच्चों को आने-जाने में दिक्कत होती है। वहीं, सड़क किनारे झाड़-झंखाड़ उगे होने से जहरीले जंतुओं का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीण लंबे समय से मार्ग को पक्का कराने की मांग कर रहे थे।
ग्रामीणों की मांग पर विधायक की पहल के बाद ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने सड़क निर्माण की कार्ययोजना तैयार की थी। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद अब टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू कराने की तैयारी है। विभाग ने तीन महीने के भीतर काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। सड़क बनने से गांव के करीब 100 घरों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
कोट-
-
गांव के लोगों की मांग पर ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया था। कार्ययोजना को शासन की मंजूरी मिल गई है। जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर इंटरलॉकिंग मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। - सुशील सिंह, भाजपा विधायक, सैयदराजा विधानसभा