पीडीडीयू नगर के सुभाष नगर में घाट का निर्माण करातीं सभासद आरती यादव। संवाद
पीडीडीयू नगर। नगर के सुभाष नगर वार्ड में ब्रह्म बाबा मंदिर के पास स्थित पोखरे की तस्वीर बदलने जा रही है। यहां छठ पूजा के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पक्के घाट का निर्माण शुरू हो गया है। करीब 40 लाख रुपये की लागत से पोखरे पर 80 मीटर लंबा घाट बनाया जाएगा। मंगलवार को सभासद आरती यादव ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
नगर में छठ महापर्व के दौरान दामोदरदास पोखरा, मानसरोवर तालाब और आरपीएफ कॉलोनी तालाब समेत विभिन्न जलाशयों के तट पर बड़ी संख्या में व्रती भगवान भास्कर को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। पर्व के दौरान घाटों पर भीड़ जुटती है। ऐसे में सुभाष नगर स्थित पोखरे पर पक्का घाट बनने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी। अभी यहां पूजा-अर्चना के लिए अपेक्षित सुविधाओं का अभाव है।
घाट निर्माण के लिए नगर पालिका की ओर से प्रस्ताव तैयार कर नगर विकास मंत्री एके शर्मा को भेजा गया था। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया गया। घाट बनने से छठ पूजा के अलावा अन्य धार्मिक आयोजनों में भी लोगों को सुविधा मिलेगी।
नगर पालिका चेयरमैन सोनू किन्नर ने बताया कि घाट का निर्माण शुरू हो गया है। प्रयास है कि छठ पूजा से पहले कम से कम एक सीढ़ी का निर्माण पूरा करा लिया जाए, ताकि महिलाएं तालाब किनारे पूजन कर सकें।