Chandauli News: अमिताभ ठाकुर ने मंत्री रविन्द्र जायसवाल के कथित बयान पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने राज्यपाल को पत्र लिखा। वायरल वीडियो की सत्यता और संदर्भ की जांच कर संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप कार्रवाई की मांग उठाई।
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल द्वारा चंदौली दौरे के दौरान दिए गए कथित बयान के वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए राज्यपाल से समुचित कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
राज्यपाल को भेजे गए पत्र में अमिताभ ठाकुर ने कहा है कि वायरल वीडियो में मंत्री रविन्द्र जायसवाल पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो में एक वर्ग विशेष की धार्मिक पहचान और पहनावे को लेकर भी अनुचित टिप्पणी की गई है।
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि मंत्री पद पर आसीन किसी व्यक्ति द्वारा राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना तथा किसी वर्ग विशेष की धार्मिक पहचान और पहनावे को लक्षित करना लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।
विज्ञापन
उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि वायरल वीडियो की सत्यता एवं उसके संदर्भ की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच के निष्कर्षों के आधार पर विधि तथा संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बता दें मंत्री रविन्द्र जायसवाल के चंदौली दौरे के दौरान दिए गए कथित बयान को लेकर पहले से ही राजनीतिक बयानबाजी तेज है। इसी क्रम में अब आजाद अधिकार सेना ने भी राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की है।