कंदवा। क्षेत्र के अमड़ा स्थित संयुक्त अस्पताल जल्द ही सौर ऊर्जा से जगमग होगा। अस्पताल में जल्द ही सोलर पैनल और इनवर्टर लगाने का कार्य शुरू होगा। इससे अस्पताल में 24 घंटे बिजली मिलेगी। अब तक यहां जेनरेटर की व्यवस्था नही हो सकी है। ऐसे में बिजली के चले जाने पर अस्पताल में अंधेरा छा जाता था। शासन की ओर से सोलर सिस्टम लगाने का सारा सामान उपलब्ध करा दिया गया है। सोलर सिस्टम लगने से जहां बिजली कटौती से निजात मिलेगी। वहीं बिजली की खपत कम होने से बिल के रूप में आर्थिक रूप से भार भी कम पड़ेगा।
अस्पताल में आठ बैट्री और दो बड़े इन्वर्टर लगाने के लिए कमरे देखे जा रहे हैं। वहीं छत पर 335 वाट के 15 सोलर पैनल पैनल लगवाने के लिए स्थान चिह्नित किया गया है। बीते बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी युगल किशोर राय ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया था। सब कुछ ठीक रहा तो शीघ्र ही सोलर सिस्टम कार्य करना शुरू कर देगा। इस संबंध में पीएचसी बरहनी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ शैलेंद्र कुमार का कहना है कि सोलर सिस्टम लगने के लिए सारा सिस्टम अस्पताल पर पहुंच गया है। इससे विद्युत ऊर्जा की काफी बचत होगी। इससे विद्युत कटौती से भी राहत मिलेगी और बिजली बिल पर भी काफी हद तक लगाम लगेगा।