पीडीडीयू नगर/कंदवा। अमड़ा विद्युत उपकेंद्र के बाउंड्रीवाॅल का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में कार्यदायी संस्था मानक की अनदेखी कर रही है। निर्माण में खराब ईंट व सीमेंट का प्रयोग किया जा रहा है। इससे कार्य की गुणवत्ता खराब हो रही है। ग्रामीणों की शिकायत पर बिजली निगम के उच्चाधिकारियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर मानक के अनुरूप कार्य करने का निर्देश भी दिया है लेकिन निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा है।
विद्युत निगम के कर्मियों की मांग पर अमड़ा गांव स्थित विद्युत उपकेंद्र की बाउंड्रीवाॅल निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। विद्युत निगम ने निर्माण कार्य कराने की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था को दी है। संस्था ने बाउंड्रीवॉल का निर्माण शुरू करा दिया है। क्षेत्र के अंजनी सिंह, अनुज सिंह, अरुण सिंह, झम्मन गोंड, शिव कुमार, शिव वच्चन सिंह आदि का आरोप है कि निर्माण कार्य मानक के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है। निर्माण में खराब ईंट और सिमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे बाउंड्रीवाॅल टिकाऊ नहीं होगा। लोगों की शिकायत पर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड तीन सकल डीहा विपिन कुमार ने पिछले सोमवार को निर्माण कार्य का निरीक्षण कर मानक के अनुरूप कार्य करने को निर्देशित भी किया था, लेकिन मामला विद्युत निगम के सिविल विभाग से जुड़ा होने के चलते उनके निर्देश का कोई असर देखने को नहीं मिला है। वहीं विद्युत निगम के सिविल विभाग के अधिशासी अभियंता अनिरुद्ध चौरसिया ने बताया कि निर्माण में दो नंबर की ईंट का प्रयोग किया जा रहा है लेकिन यदि लोग संतुष्ट नहीं हैं तो कार्यदायी संस्था को एक नंबर की ईंट और उच्च कोटि के सिमेंट का प्रयोग करने का निर्देश दिया जाएगा।