सकलडीहा(चंदौली)। विकास खंड के इब्राहिमपुर गांव में कोटा आवंटन प्रक्रिया में ब्लॉक कर्मियों की तरफ से मनमानी किये जाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कुछ ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कोटा आवंटन के लिए पुन: चुनाव प्रक्रिया कराने की मांग की। इस दौरान सचिव और एडीओ क्वापरेटिव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इब्राहिमपुर गांव में अनियमियता के आरोप में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पिछले माह निरस्त कर दी गई थी। पुन: कोटा आवंटन की प्रक्रिया कराने का निर्देश दिया गया था। जिसके बाद पिछले 14 जुलाई को पूर्तिनिरीक्षक, एडीओ क्वापरेटिव और सचिव कोटा आवंटन की प्रक्रिया के लिये गांव में गए थे। गांव में दुकान के लिये चार लोगों ने आवेदन किया। सहमति नहीं बनने पर चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। एक पक्ष से अधिक लोग होने पर दो आवेदन कर्ता दूसरे पक्ष का समर्थन कर दिए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रथम पक्ष में ग्रामीणों की संख्या अधिक होने के बाद भी ब्लॉक कर्मियों द्वारा मनमानी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने ब्लॉक कर्मियों पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया। एसडीएम के नाम से पत्र सौंपकर पुन: चुनाव कराने की मांग की। इस मौके पर विरोध जताने वालों में जगदीश पांडेय, सत्यनारायण यादव, टुनटुन यादव, मोछू यादव, पांचू राम, राजकुमार विश्वकर्मा, सरवन गोंड, रिंकू सिंह रहे।