नगर के वार्ड नंबर 11 मवई खुर्द में एक सप्ताह बाद भी जले ट्रांसफार्मर को न बदले जाने से नाराज होकर मुहल्ले के लोगों ने रविवार को प्रदर्शन किया। बिजली विभाग और नगर पालिका के खिलाफ खूब नारेबाजी की। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो मुहल्ले के लोग उग्र आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि एक अगस्त को आयी बारिश के बाद मुहल्ले में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया। इसकी सूचना नगर पालिका और बिजली विभाग के अधिकारियों को दी गई। बावजूद इसके ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया। न ही मोबाइल ट्रांसफार्मर ही लगाकर बिजली आपूर्ति की गई। इससे मुहल्ले के लोग एक सप्ताह से अंधेरे में रह रहे हैं। यही नहीं उपभोक्ताओं को बिजली का बिल अत्यधिक आ रहा है। दो दिन पहले बिजली विभाग की ओर से नया ट्रांसफार्मर आ गया लेकिन क्रेन न आने की वजह से न तो जला ट्रांसफार्मर उतारा ही गया और न नया ट्रांसफार्मर जलाया गया। इससे लोगों को दिक्कत हो रही है। प्रदर्शन करने वालों में गोपी चौहान, रमेश यादव, बबलू यादव, किसान चौहान, अमित चौहान, रमेश यादव, बबलू यादव, संतोष, सुरेन्द्र यादव आदि उपस्थित रहे।