बिजली विभाग के अधिकारियों के रवैये से नाराज संविदा कर्मचारियों ने
मुख्यालय स्थित एक्सईएन कार्यालय पर सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया।
इस
दौरान कर्मचारियों ने मानदेय का भुगतान चेक के जरिए करने की मांग की। साथ
ही संविदा कर्मियों को परिचय पत्र, ईपीएफ की कटौती व चिकित्सा सुविधा
उपलब्ध कराने की मांग को दोहराया। कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण
संविदा कर्मी समस्याओं का दंश झेल रहे हैं।
इस मौके पर प्रदेश
उपाध्यक्ष एपी श्रीवास्तव ने कहा कि विभाग के अधिकारी व ठेकेदार संविदा
कर्मचारियों के मानदेय में धांधली कर आपस में बंदरबांट कर रहे हैं। इससे
गरीब मजदूरों का शोषण हो रहा है।
शिकायतों के बाद भी मजदूरों की आवाज
अनसुनी की जा रही है। संविदा कर्मचारियों का शोषण अब बर्दाश्त नहीं किया
जाएगा। महामंत्री वीरेंद्र सिंह ने कहा कि शासन द्वारा संविदा कर्मचारियों
को दी जाने वाली सुविधाओं से कर्मचारी अछूते हैं। इसके लिए सीधे तौर पर
बिजली विभाग के अधिकारी व ठेकेदार जिम्मेदार हैं।
इन समस्याओं को देखते हुए
कर्मचारियों को सीधे चेक के माध्यम से भुगतान किया जाए। साथ ही संविदा
कर्मचारियों को परिचय पत्र, बीमा ईपीएफ व मेडिकल सुविधा मुहैया कराया जाए।
यदि कर्मचारियों की मांगें शीघ्र पूरी नहीं होती है तो हम सभी संघर्ष करने
में पीछे नहीं रहेंगे। इस अवसर पर दिनेश कुमार, राजेंद्र सिंह, आरबी यादव,
केपी वर्मा, ज्ञानेंद्र प्रसाद शर्मा, हरिद्वार, सुशील, तौफिक खां,
राजकुमार, सियाराम, कृष्णा, रमेश विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।