क्षेत्र के लोहिया समग्र ग्राम के कोरमी गांव के लोगों ने सोमवार की
अपराह्न लगभग ढ़ाई बजे दलित बस्ती में सीसी रोड की मांग और गांव को कंदवा
ककरैत मार्ग से जोड़ने वाले मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शन
किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि आठ माह पूर्व बने कोरमी गांव में करीब एक किलोमीटर लंबा संपर्क मार्ग काफी जर्जर हो चुका है।
बता
दें कि मार्ग के जर्जर होने को लेकर करीब तीन माह पूर्व भी ग्रामीणों ने
प्रदर्शन किया था इसके बाद जर्जर सड़क की ठेकेदार द्वारा मरम्मत कार्य
करवाया गया था।
गौरतलब है कि 2012-13 में कोरमी गांव को लोहिया समग्र
ग्राम योजना के तहत चुना गया था। इस योजना में चयनित होने के बाद गांव को
सैयदराजा जमानियां मार्ग से जोड़ने के लिए एक किलोमीटर और गांव को कंदवा
ककरैत मार्ग से जोड़ने के लिए एक किलोमीटर सड़क निर्माण करवाया गया था।
गांव के उत्तर तरफ की सड़क निर्माण के एक माह बाद ही जगह-जगह क्षतिग्रस्त
हो गई थी जिसे लेकर उस समय ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया था।
अधिकारियों के निर्देश पर ठेकेदार द्वारा सड़क का फिर से निर्माण कार्य
करवाया गया था लेकिन सड़क बनने के आठ माह बाद ही जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई
है और तारकोल युक्त गिट्टियां जगह-जगह इकट्ठे हो गए हैं। इससे मार्ग पर
गड्डे बन गए हैं।
इसी मार्ग को लेकर सोमवार की अपराह्न करीब ढाई बजे
ग्रामीण लामबंद होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों की मांग थी कि
जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी इस सड़क का भौतिक सत्यापन कराकर
जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। ग्रामीणों का आरोप था कि
दलित बस्ती में सीसी रोड बनने के लिए कई बार नापी की गई लेकिन आज तक कार्य
नहीं करवाया गया जिससे ग्रामीणों को आवागमन करने में काफी दिक्कतों का
सामना करना पड़ रहा है। विरोध प्रदर्शन करने वाले में शिवमूरत राम,
रामनिवास राम, राधेश्याम रविकांत, देववंती देवी, राजकुमारी देवी, निशा
शर्मा, मंजू देवी, रीना देवी, विकास, अखिलेश आदि रहे।