सैयदराजा थाने में समझौता के बाद ट्रक में बैठकर घरों को जाते श्रमिक।
- फोटो : CHANDAULI
सैयदराजा । मुंबई से मालवाहक में आ रहे श्रमिकों को निर्धारित स्थान से अलग छोड़े जाने को लेकर वाहन चालक व स्वामी से उनका मंगलवार को सैयदराजा हाइवे पर विवाद हो गया। इसके बाद श्रमिक वाहन चालक और स्वामी को थाने ले गए। जहां पुलिस की फटकार लगाए जाने के बाद दोनों लोग श्रमिकों को उनके घरों तक छोड़े जाने के लिए तैयार हुए और गंतव्य को रवाना हो गए।
मालवाहक पर सवार मजदूर मोहन, संतोष ने बताया कि 52 लोग मुंबई के अंधेरी से डीसीएम पर सवार होकर घरों के लिए निकले थे। बताया कि प्रत्येक व्यक्ति से मालवाहक स्वामी द्वारा तीन हजार रुपये लिया गया था और सभी को उनके घर तक छोड़े जाने की बात हुई थी। बताया कि रास्ते में 32 लोगों को उनके गृह जनपद में छोड़ने के बाद मंगलवार की शाम चार बजे सैयदराजा हाइवे पर पहुंचे। जहां से वाहन स्वामी अपने दो रिश्तेदारों को छोड़ने के बाद आजमगढ़ के रास्ते की ओर जाने लगा। जिसपर उन्होंने आपत्ति तो इसे लेकर श्रमिकों और वाहन स्वामी के बीच विवाद हो गया। बाद में श्रमिक वाहन चालक और स्वामी को पकड़कर सैयदराजा थाने ले गए। जहां पुलिस ने वाहन स्वामी को फटकार लगाई। इसके बाद वाहन स्वामी सभी सवारियों को उनके तय स्थान पर छोड़े जाने के लिए राजी हुआ और गंतव्य के लिए रवाना हो गया।