सुजाबाद चौकी पर बच्चों के साथ मृतक की पत्नी। स्रोत:-जागरूक पाठक
पड़ाव। सुजाबाद निवासी विष्णु साहनी (35) की करंट से मौत के बाद बुधवार को मुआवजे के लिए परिजन और ग्रामीणों ने सुजाबाद पुलिस चौकी पर धरना दिया। दोपहर करीब दो बजे महिलाएं, बच्चे और पुरुष चौकी पहुंचे और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। पुलिस के समझाने पर लोग तीन बजे घर चले गए। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो ग्रामीणों ने दोबारा धरना शुरू कर दिया। रात करीब आठ बजे रामनगर थानाध्यक्ष संजय मिश्रा के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ।
ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और एक बिस्वा जमीन देने की मांग की। उनका कहना था कि विष्णु परिवार का भरण-पोषण करने वाला था। उसकी मौत के बाद पत्नी और दो छोटी बच्चियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चों की परवरिश को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
मृतक के छोटे भाई भगवान दास साहनी ने आरोप लगाया कि विष्णु की मौत के बाद न तो उस व्यक्ति की ओर से कोई मौके पर पहुंचा, जिसके कनेक्शन से करंट लगने की बात बताई जा रही है और न ही बिजली विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर आया। उन्होंने परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की।धरने की सूचना पर रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। रात करीब आठ बजे थानाध्यक्ष संजय मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता दिलाई जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
-
छोटे भाई ने दी मुखाग्नि
धरना समाप्त होने के बाद विष्णु के शव का गंगा किनारे स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उसके छोटे भाई भगवान दास साहनी ने मुखाग्नि दी। इस दौरान परिवार में कोहराम मचा रहा। दो छोटी बच्चियों के सिर से पिता का साया उठने से गांव में शोक का माहौल है।