ताराजीवनपुर। अग्निपथ योजना के विरोध में तोड़ फोड़ और पुलिस जीप फूंकने की घटना के बाद अब पुलिसिया कार्रवाई चल रही है। सपा का प्रतिनिधिमंडल डीएम संजीव सिंह, एसपी अंकुर अग्रवाल और आईजी के सत्यनारायण से बुधवार को मिला और पत्रक देकर बेकसूर लोगों को न फंसाने की मांग की।
सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव ने कहा कि अग्निपथ योजना को लेकर देशव्यापी विरोध हो रहा है। कुछ उत्तेजित नौजवानों ने राष्ट्रीय संपत्ति को निशाना बनाया। इसका हम सभी विरोध करते हैं लेकिन अब पुलिस घटना का बहाना बनाकर अकारण निर्दोष को घर और रास्ते से उठाकर पीट रही है और अभद्र व्यवहार कर रही है। यही नहीं उनको फर्जी धाराओं में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस की इस दमनकारी उत्पीड़न की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाएं एवं निर्दोष युवाओं को अविलंब रिहा किया जाए। चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर वे आंदोलन करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के पूर्व सदस्य संतोष यादव, यूवजन सभा के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव प्रदीप यादव रहे।