सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें
कोतवाली में आयोजित व्यापारियों की बैठक में दुकानें खोलने पर हुई चर्चा
सचित्र- 16
संवाद न्यूज एजेंसी
चकिया। कोरोना संक्रमण को देखते हुए देश में लगे लॉकडाउन को तीसरे चरण में 17 मई तक बढ़ा दिया गया हैं। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल द्वारा लाकडाउन में दी गई मामूली छूट को देखते हुए सीओ नीरज पटेल ने क्षेत्र के व्यापारियों के साथ सोमवार को कोतवाली परिसर में बैठक की। इस दौरान सीओ ने व्यापारियों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए दुकानें खोलने का निर्देश दिया। साथ ही इसका पालन न करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।
सीओ ने कहा कि व्यापारियों द्वाराअब तक किया गया लॉकडाउन के नियमों का पालन सराहनीय है। डीएम की ओर से मिले निर्देशों के अनुसार दुकाने ऑड-इवेन फार्मूले पर शेड्यूल बनाकर खोली जाएं। कॉपी-किताब व बिल्डिंग मटेरियल, जनरल स्टोर, बेकरी की दुकानें प्रतिदिन निर्धारित समय तक खुलेंगी। इस दौरान दुकानों पर सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखना होगा। कहा कि दुकानें शाम के पांच बजे तक ही खुलेंगी। बैठक में कपड़ा, आभूषण, हार्डवेयर, प्लाईवुड, पेंट, इलेक्ट्रॉनिक, शूज, लेडीज कॉस्मेटिक व बैग बेचने वाले व्यापारियों के प्रतिनिधियों के नाम का चयन किया गया। साथ ही व्यापार मंडल व व्यापारियों को ऑड-इवेन के अनुसार बनाकर देने के लिए कोतवाली पुलिस ने अवगत कराया। चाय, पान, रेस्टोरेंट व सैलून की दुकानें बंद रहेंगी। इस दौरान कोतवाल रहमतुल्लाह खान, एसएसआई राणा प्रताप यादव, चेयरमैन अशोक कुमार बागी, चौकी इंचार्ज शिवबाबू यादव, विजय, वैभव मिश्रा, सरदार राजकुमार सिंह मोदनवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद कुमार मोदनवाल, राजू वर्मा, कैलाश जायसवाल, मोहन वर्मा, शीतला केशरी, सत्यप्रकाश गुप्ता, अशोक गुप्ता आदि व्यापारी मौजूद रहे।