पीडीडीयू नगर। पुरानी रंजिश में युवक की लाठी-डंडों से पिटाई करने और तमंचे से फायर करने के मामले में अलीनगर पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में घटना में तमंचे का इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की है। इसके बाद प्राथमिकी में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।
सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे रेवसा गांव स्थित एक स्कूल के पास पुरानी रंजिश को लेकर भोला भारती उर्फ करन और उसके साथियों ने मोहम्मद सुफियान से गाली-गलौज की।
इसके बाद लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि जान बचाकर भाग रहे सुफियान पर भोला भारती ने तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि, गोली से वह बाल-बाल बच गया। पीड़ित की तहरीर पर अलीनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
सीओ ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना पर सोमवार रात करीब 8:50 बजे कैली अंडरपास के पास से भोला भारती उर्फ करन (19) निवासी रेवसा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से तमंचा, कारतूस और दो मोबाइल फोन मिले।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अमित यादव निवासी लौदा, मयंक यादव और विवेक कुमार निवासी रेवसा के साथ मिलकर सुफियान से मारपीट की थी। उसके भागने पर उसने तमंचे से फायर किया था। पुलिस ने बरामद तमंचे को घटना में प्रयुक्त बताया है।