ज्ञानपुर। आपदाओं से निबटने के लिए लेखपाल, प्रधानों एवं शिक्षकों को आपदा प्रबंधन का तरीका सिखाया जाएगा ताकि समय आने पर वे लोगों की मदद कर सकें। इसके लिए 22 से 28 फरवरी तक अलग-अलग स्थानों पर प्रशिक्षण दिए जाएंगे।
समय-समय पर आने वाली आपदाओं से बचाव के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जिले के लेखपालों, प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा के अध्यापकों तथा ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिवों को आपदाओं से निबटने एवं बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पांच दिन तक चलने वाले कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण देंगे। 22 फरवरी को भदोही ब्लॉक परिसर में इसकी शुरूआत हो जाएगी। पहले चरण में होने वाले प्रशिक्षण में सचिव, प्रधान, लेखपाल शामिल होंगे, जबकि दूसरे चरण में शिक्षक दक्ष किए जाएंगे। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि भदोही ब्लॉक, तहसील औराई और जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण का आयोजन होगा। प्रशिक्षण में कुल 2180 शिक्षक, लेखपाल, प्रधान और सचिव शामिल होंगे। प्रशिक्षण के बाद यह सभी लोगों एवं छात्र छात्राओं को जागरूक भी करेंगे।