लेखपाल भर्ती प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में लिखित
परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। जिलाधिकारी
सुरेंद्र विक्रम की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय कमेटी ने बारी-बारी
से अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया।
पहले दिन सौ लोग इस प्रक्रिया में शामिल हुए। लेखपाल बनने की ललक बेरोजगार युवाओं में साफ देखने को मिली।
लेखपाल
के लिए आयोजित साक्षात्कार प्रक्रिया में सम्मिलित होने के लिए सुबह से
ही अभ्यर्थियों का जमावड़ा कलक्ट्रेट परिसर के आस-पास होने लगा। पहले
दिन सौ लोगों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था।
सुबह साढ़े आठ बजे
साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू हुई। साक्षात्कार कक्ष तक पहुंचने के लिए
अभ्यर्थियों को चार काउंटर से होकर गुजरना पड़ रहा था। एक बार में
पंद्रह से बीस अभ्यर्थियों को कलेक्ट्रेट परिसर में बुलाया जा रहा था।
मुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों का बुलावा पत्र चेक किया जा रहा था। उसके
पश्चात तीन अन्य काउंटरों पर प्रमाण पत्रों की दोबारा जांच की जा रही
थी।
इसके बाद बारी-बारी से अभ्यर्थियों को अंदर भेजा जा रहा था। जहां
डीएम की देखरेख में लेखपाल नियमावली के तहत गठित टीम द्वारा
अभ्यर्थियों से प्रश्न पूछे जा रहे थे। किसी से विज्ञान और गणित से जुड़े
प्रश्न किए जा रहे थे तो किसी से ग्राम पंचायतों की जानकारी ली जा रही थी।
जिलाधिकारी
सुरेंद्र विक्रम ने बताया कि जिले में लिखित परीक्षा में पास 965
अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाना है। प्रतिदिन सौ अभ्यर्थी बुलाए
जाएंगे। यह प्रक्रिया 25 फरवरी तक चलेगी। बताया कि जिन अभ्यर्थियों को
काल लेटर प्राप्त नहीं हुआ है वे चंदौली के वेबसाइट पर विवरण प्राप्त कर
सकते हैं।