सैयदराजा थाना क्षेत्र के नौबतपुर गांव के समीप नेशनल हाइवे पर सोमवार को बाइक व ट्रक की टक्कर हो गई। इसमें नाना गोरखनाथ की मौत हो गई और नाती राजा गंभीर रुप से घायल हो गया। ग्रामीणों की सहयोग से पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। वहीं गोरख के शव को कब्जे में लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई। जबकि मौका पाकर ट्रक चालक वाहन लेकर भाग निकला।
बिहार के भभुआ जिले में भदारी गांव निवासी गोरखनाथ (65) के यहां चंदौली के नगर पंचायत निवासी चम्मन की ससुराल थी। चम्मन का पुत्र राजा (20) बाइक से अपने ननिहाल गया था। सोमवार की दोपहर में वह अपने नाना गोरखनाथ को बाइक पर बैठाकर चंदौली आ रहा था कि सैयदराजा थाना क्षेत्र के नौबतपुर गांव के समीप नेशनल हाइवे पर किसी ट्रक में बाइक की टक्कर हो गई। इससे दोनों लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। बाइक चला रहा युवक हेलमेट पहना हुआ था। घायलावस्था में ग्रामीणों व पुलिस ने दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां नाना गोरखनाथ को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं राजा की हालत गंभीर होने पर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। इसकी जानकारी होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।