इलिया कस्बे के उत्तरी भाग के सौ घरों के एक हजार लोग छह दिनों से बिजली संकट जूझ रहे हैं। विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से क्षेत्र के लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिजली आपूर्ति न होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। इससे लोगों में बिजली निगम के प्रति आक्रोश व्याप्त है।
कस्बे के उत्तरी हिस्से में 63 केवीए के ट्रांसफाॅर्मर से विद्युत आपूर्ति की जाती है। क्षेत्र के चंदन गुप्ता, हनुमान चौरसिया, पिंटू गुप्ता ने बताया कि अत्यधिक लोड के कारण एलटी लाइन का तार बार-बार स्पार्किंग होने से जलकर टूट जा रहा है। विभागीय कर्मचारी कई बार तार की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास कर चुके हैं लेकिन बिजली आपूर्ति होते ही तार जलकर टूट जा रहा है। स्थानीय निवासी सुरेंद्र प्रसाद, अमरनाथ, पारस चौरसिया, संदीप गुप्ता, जिलाजीत गुप्ता, बजरंगी गुप्ता आदि ने बताया कि भीषण गर्मी में बिना बिजली के रहना मुश्किल हो गया है। घरों में लगे पंखे, कूलर और पानी के पंप बंद हैं। लोगों को पेयजल के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है। आरोप लगाया कि निगम के कर्मचारी पुराने और जर्जर तार को बदलने के बजाय बार-बार उसकी मरम्मत कर काम चला रहे हैं। इससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। लोगों ने शीघ्र नया एलटी तार नहीं लगाए जाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है। अवर अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि समस्या संज्ञान में है। पुराने एलटी तार के स्थान पर जल्द ही नया तार लगाकर विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।