शहाबगंज। स्थानीय थाना के केराडीह गांव में बुधवार की शाम बबलू चौहान की मड़ई में शार्ट सर्किट से आग लग गई। गांव के लोगों ने अथक प्रयास कर आग बुझाई। इस दौरान आग से बबलू चौहान की तीन वर्षीय बेटी झुलस गई। मड़ई में बंधी एक गाय, एक बकरी की मौत हो गई, जबकि एक बकरी गंभीर है। इसके साथ ही गृहस्थी का सामान जल गया।
गांव निवासी बबलू चौहान खेती कर जीविकोपार्जन करता है। उसने पक्का मकान के बगल में मड़इ बना रखी है। इसमें मवेशियों को बांधने के साथ ही घर गृहस्थी का सामान रखा रहता है। अक्सर इसमें लोग रहते भी है। बुधवार की शाम बबलू के परिवार के कुछ सदस्य मड़ई में बैठ कर कुछ काम कर रहे थे। इस बीच बिजली के शार्ट सर्किट से मड़ई में आग लग गई। जब तक परिवार के लोग कुछ समझते आग ने विकराल रूप ले लिया। परिवार के लोगों के शोर मचाने पर गांव के लोग भी जुट गए। लोगों ने किसी तरह मड़इ में बंधे मवेशियों को बाहर निकाला। इस दौरान एक गाय और एक बकरी की झुलसने से मौत हो गई। वहीं एक बकरी गंभीररूप से झुलस गई। वहीं मड़इ में सोई बबलू चौहान की बेटी डिंपल को (3) को बाहर निकाला लेकिन वह भी झुलस गई। ग्रामीणों ने एक घंटे के प्रयास के बाद आग बुझाई लेकिन इस बीच मड़ई में रखा धान, गेहूं, चारपाई, बिस्तर सहित गृहस्थी का सामान जल कर नष्ट हो गया। ग्रामीणों की सूूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम पहुंची। इस संबंध में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि आग से गृहस्थी का सामान जला है। इस मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।