पीडीडीयू नगर के यूरोपियन कालोनी स्थित चर्च। संवाद
-देश के कोने-कोने से जुटेंगे श्रद्धालु, आकर्षक झालरों और फूलों से सजा कैथोलिक चर्च
पीडीडीयू नगर। नगर स्थित बाल यीशु तीर्थ कैथोलिक चर्च में रविवार को निकलने वाले वार्षिक शांति धर्म जुलूस और शोभायात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चर्च को आकर्षक झालरों, रंग-बिरंगी लाइटों और फूलमालाओं से सजाया गया है। धार्मिक आयोजन में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से मसीही समुदाय के लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
चार दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत 26 नवंबर से हुई है। हर दिन सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक करिश्माई चंगाई प्रार्थना की जा रही है। रविवार सुबह विशेष प्रार्थना सभा होगी। इसके बाद दोपहर दो बजे बाल यीशु की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। फादर विजय शांतिराज ने बताया कि प्रार्थना सभा में नगर, प्रदेश और देश में शांति, सौहार्द और भाईचारा कायम रहने की कामना की जाएगी। बाल यीशु तीर्थ का विशेष धार्मिक महत्व है। देश के चुनिंदा बाल यीशु तीर्थ स्थलों में शामिल इस चर्च में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।