पीडीडीयू नगर/कंदवा। बरहनी ब्लॉक स्थित भदखरी-तेल्हरा मार्ग पर जर्जर पुलिया की जगह नई पुलिया बनाई जाएगी। ग्रामीण लंबे समय से इसकी मांग कर रहे हैं। खुरहट गांव के पास बरहनी रजवाहा पर 35 लाख से लघु सेतु (पुलिया) के निर्माण की योजना को शासन ने स्वीकृत किया है। पुलिया का निर्माण पीडब्ल्यूडी (निर्माण) खंड की ओर से कराया जाएगा। पुलिया बनने से करीब 15 गांव के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
भदखरी-तेल्हरा मार्ग पर खुरहट गांव के पास बरहनी रजवाहा पर बनी पुलिया पिछले 15 वर्षों से जर्जर और क्षतिग्रस्त है। पुलिया की रेलिंग टूटकर नहर में गिर गई है और रैंप पर भी गड्ढे बन गए हैं। इसके जगह नई पुलिया के निर्माण के लिए लोगों ने विधायक सुशील सिंह मांग की थी। विधायक की पहल पर पीडब्ल्यूडी (निर्माण) खंड ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। योजना को शासन से मंजूरी मिल गई है। 35 लाख की धनराशि भी अवमुक्त होने के बाद विभाग टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली है। शीघ्र पुलिया का निर्माण शुरू होगा।
इन गांवों के ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
इसके निर्माण से भदखरी, औरइया, खुरहट, मथुरापुर, परशुरामपुर, रामपुर, अरंगी, बसंतपुर, तेल्हरा, दरौली सहित 15 गांव के करीब 16 हजार लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
पिछले कई वर्षों से ग्रामीण इस पुलिया के बनने की प्रतीक्षा कर रहे थे। खेती– किसानी, बाजार और चिकित्सा सुविधा तक पहुंच आसान हो जाएगी। विजय शंकर सिंह, तेल्हरा।
15 वर्ष पहले बनी पुलिया क्षतिग्रस्त व जर्जर हो गई थी। इससे होकर आवागमन करना जोखिमभरा हो गया था। कई बाइक सवार गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। नई पुलिया बनने से समस्या खत्म होगी। अरुण सिंह, भदखरी।
ग्रामीणों की मांग पर पुरानी पुलिया के स्थान पर नई पुलिया के लिए बनी कार्ययोजना को शासन की मंजूरी मिल गई है। जल्द ही इसका टेंडर कराकर नई पुलिया का निर्माण शुरू जाएगा। - कृष्ण कुमार, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी, निर्माण खंड, चंदौली