किसानों की आय बढ़ाने और फूलों की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए जिला उद्यान विभाग की ओर से अनुदान दिया जाएगा। एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत ग्लेडियोलस, गेंदा, रजनीगंधा और चमेली की खेती करने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 50 हजार से एक लाख रुपये तक की सहायता मिलेगी। इसके अलावा कृषि यंत्रों की खरीद और खेतों की घेराबंदी के लिए भी अनुदान का प्रावधान किया गया है।
योजना के तहत ग्लेडियोलस की खेती के लिए सामान्य वर्ग के किसानों को एक हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित करते हुए एक लाख रुपये अनुदान देने का प्रावधान है। वहीं, गेंदा की खेती के लिए सामान्य और एससी-एसटी वर्ग के किसानों के लिए अलग-अलग एक-एक हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है। इसमें सभी वर्ग के किसानों को 80 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अनुदान दिया जाएगा।
वहीं रजनीगंधा और चमेली की खेती के लिए सामान्य वर्ग के किसानों को एक-एक हेक्टेयर के लक्ष्य के तहत प्रति हेक्टेयर 50 हजार रुपये अनुदान मिलेगा। इसके अतिरिक्त आठ बीएचपी से अधिक क्षमता के पाॅवर टिलर की खरीद पर एससी-एसटी वर्ग के किसानों को 75 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। खेतों की घेराबंदी के लिए सामान्य वर्ग के किसानों को एक हजार मीटर और एससी-एसटी वर्ग के किसानों को 200 मीटर तक की घेराबंदी पर 150 रुपये प्रति मीटर की दर से अनुदान देने का प्रावधान किया गया है।
इनसेट.........
प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर होगा चयन
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को खतौनी, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, पासपोर्ट साइज फोटो और फार्मर रजिस्ट्री आईडी के साथ आवेदन करना होगा। लाभार्थियों का चयन प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर किया जाएगा। यानी पहले आवेदन करने वाले पात्र किसानों को प्राथमिकता मिलेगी।
कोट.......
जिले में फूलों की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से योजना जारी की गई है। इसके तहत किसानों को अनुदान राशि देने का प्रावधान है। प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर पात्र किसानों को योजना का लाभ दिया जाएगा। - डॉ. शैलेंद्रदेव दूबे, जिला उद्यान अधिकारी, चंदौली।