पड़ाव पर मारपीट में घायल का इलाज करते स्वास्थ्यकर्मी। स्रोत:-जागरूक पाठक
-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, 3 नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
पड़ाव। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के भोजपुर गांव में शुक्रवार देर शाम शराब के नशे में चखने की दुकान के पास दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें 6 लोग घायल हो गए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित की। पुलिस ने 3 नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मारपीट की घटना कंपोजिट शराब दुकान के पास की हुई। चखना दुकान पर किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद बढ़ते-बढ़ते सड़क तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों का इस्तेमाल किया, अफरा-तफरी मच गई। बीच-बचाव करने पहुंचे कुछ राहगीरों के साथ भी मारपीट की गई।
6 घायलों में 3 की हालत गंभीर है। गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। मुगलसराय थानाध्यक्ष गगनराज सिंह ने बताया कि घटना के मामले में 3 नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की पहचान कर तलाश की जा रही है। फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।