चकिया में बुद्ध धम्म यात्रा में शामिल सपा के सपा सांसद छोटेलाल खरवार। स्रोत:-जागरूक पाठक
चकिया/शिकारगंज। अशोक विजय धम्म दिवस के अवसर पर मंगलवार को भीषमपुर गांव से धम्म यात्रा निकाली गई। यात्रा गनेशपुर, गायघाट, भंगड़ा, मुजफ्फरपुर, चकिया और सैदूपुर होते हुए तिलौरी स्थित सम्राट लॉन पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में विभिन्न स्थानों से आए लोगों ने भाग लिया। इस दौरान भगवान गौतम बुद्ध के विचारों और सम्राट अशोक के धम्म से जुड़े आदर्शों का स्मरण किया गया।
यात्रा की शुरुआत राबर्ट्सगंज के सपा सांसद छोटेलाल खरवार, मस्तराम मौर्य, डॉ. प्रदीप मौर्य और ग्राम प्रधान अरविंद गुप्ता ने भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की। इसके बाद यात्रा निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ी। कार्यक्रम के दौरान सांसद छोटेलाल खरवार ने भगवान गौतम बुद्ध और सम्राट अशोक की प्रतिमाएं स्थापित कराने के लिए धन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध के शांति, करुणा और समानता के संदेश आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।
इस अवसर पर दशरथ सोनकर, प्रभु नारायण यादव, सुधाकर कुशवाहा, मुस्ताक अहमद, विमलेश मौर्य, चंदन पाल, रामविलास मौर्य, बबलू खान, रिंकू मौर्य, प्रभु आदि उपस्थित रहे।