ट्रेनों में टिकट चेकिंग करते हुए पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचने वाले चल टिकट परीक्षकों को रुकने में असुविधा नहीं होगी।
टिकट चेकिंग स्टाफ के लिए 300 बेड का नया रेस्ट रूम बनाया जाएगा। इसकी लागत 8.8 करोड़ होगी। रेस्ट रूम में अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। वहीं महिला टिकट चेकिंग स्टाफ के लिए अलग व्यवस्था होगी।
वर्तमान में पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर 206 टीटीई, सीआईटी आदि तैनात हैं। वहीं मंडल की बात करें तो लगभग 360 टीटीई तैनात हैं। टिकट चेकिंग के दौरान स्टाफ एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन पर जाते हैं। पीडीडीयू जंक्शन पर प्रयागराज मंडल से भी बड़ी संख्या में टीटीई पहुंचते हैं। इनके रुकने के लिए डीआरएम आफिस के पीछे एक टीटीई रेस्ट रूम बना हुआ है। इसकी क्षमता 120 बेड की है। यह पुराना हो चुका है।
वहीं रोजाना यहां 150 से 160 टीटीई पीडीडीयू जंक्शन पर पहुंचते है। ऐसे में उन्हें रुकने में परेशानी होती है। इसको देखते हुए मंडल रेल प्रशासन ने नए रेस्ट रूम का प्रस्ताव दिया है। इसके बनने से दो रेस्ट रूम में 420 बेड हो जाएंगे। इससे परीक्षकों को रुकने में दिक्कत नहीं होगी। संवाद