नियामताबाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के भुपौली गांव के समीप गंगा नदी में किनारे पर एक शव सोमवार की पूर्वाह्न दिखा। स्नान करने गए ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतक के पास मिली डायरी से उसकी पहचान हुई। सूचना पर पहुंचे घरवालों ने शव की शिनाख्त डा. प्रमोद कुमार पाठक के रूप में की। वे सेवानिवृत्त चिकित्सक थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
भूपौली गांव के समीप सोमवार की पूर्वांह्न लगभग ग्यारह बजे काफी लोग गंगा स्नान करने गए हुए थे। उनकी नजर गंगा नदी में किनारे तैर रहे एक शव पर पड़ी। जिसे देखकर लोगों ने शोर मचाया। तत्काल इसकी सूचना अलीनगर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और उसकी पहचान कराने की कोशिश की। इसी क्रम में मृतक की जेब की जेब से मिली डायरी की छानबीन करके परिवार वालों को सूचना दी गई। इस सूचना के बाद मौके पर पहुंचे मृतक के पुत्र अमित व प्रतीक पाठक ने उसकी पहचान अपने पिता डा. प्रमोद शंकर पाठक (65) के रूप में की। प्रमोद सेवानिवृत्त चिकित्सक थे। वाराणसी के सुंदरपुर स्थित आरके पुरम कालोनी के निवासी थे। उनके पुत्र ने बताया कि वह अपनी बड़ी पुत्रियाें की शादी को लेकर परेशान रहा करते थे और 4 दिसंबर की रात अचानक घर से गायब हो गए। कई स्थानाें पर ढ़ूंढ़ने के बाद भी उनका पता नहीं चला। इस क्रम में सात दिसंबर को लंका थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने पुत्र की तहरीर लेकर पंचायत नामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।