नियामताबाद। अलीनगर पुलिस ने कर्नाटक पुलिस की सहयोग से कर्नाटक बेल्लारी निवासी दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों के ऊपर विभिन्न कंपनियों का मोबाइल टावर लगाने के नाम पर मानसनगर निवासी बीबी सिंह से 92 हजार रुपये की ठगी करने का आरोप है।
बता दें कि रेलवे के पैंट्रीकार अधीक्षक बीबी सिंह मानसनगर कालोनी में रहते हैं। दो युवक विभिन्न कंपनियों के टावर लगाने के नाम पर हर महीने लगभग 25 हजार रुपये कमाने का प्रलोभन देकर 92 हजार रुपये कर्नाटक राज्य के इरफान व नीलकंठ के खाते में भेजवा दिया था। इसके बाद जब पीड़ित ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल स्वीच आफ मिला। मई माह में रेलकर्मी द्वारा इस संबंध में अलीनगर थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए अलीनगर थानाध्यक्ष एके सिंह एसआई अश्विनी कुमार और कांस्टेबल शिवकेश सिंह के साथ कर्नाटक पुलिस के सहयोग से दोनों आरोपियों को बेल्लारी से गिरफ्तार कर अलीनगर थाने ले आए, जहां पर पूछताछ के बाद उनको जेल भेज दिया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष एके सिंह का कहना है कि रेलकर्मी के तहरीर पर फर्जीवाड़े में शामिल तीन में से दो लोगों को बेल्लारी से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जबकि मुख्य अभियुक्त एवं गिरोह का सरगना बुलंदशहर निवासी मुनीस अभी फरार है।