सकलडीहा। स्थानीय तहसील में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक दल) के नेताओं ने तीन सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। चेताया कि अगर शासन-प्रशासन द्वारा उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आंदोलन को व्यापक रूप देंगे। अंत में उपजिलाधिकारी जितेन्द्र मोहन सिंह को संबंधित प्रार्थनापत्र सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष जितेन्द्र तिवारी के नेतृत्व में बुधवार को किसानों ने तहसील गेट पर खड़े होकर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। तीन सूत्रीय मांगों में कुछ दिन पूर्व सकलडीहा निवासी विजेन्द्र तिवारी के रिहायशी मड़ई में आग लग जाने से जले लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट होने के एवज में शासन स्तर मुआवजा दिलाए जाने, पिपरी गांव निवासी शिवपूजन यादव के घर के समीप हैंडपंप लगाने व महरखां बैराठ माइनर की खुदाई कराने की मांग शामिल है। उधर उपजिलाधिकारी जितेन्द्र मोहन सिंह ने भाकियू के नेताओं को आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा। इस दौरान रामनगीना शर्मा, रामविलास, वीरेन्द्र प्रताप सिंह, राधेमोहन, कमलू चौहान, लालजी यादव आदि मौजूद रहे।