पड़ाव। क्षेत्र के नींबूपुर गांव स्थित सिंचाई नलकूप के करीब एक माह से फुंके पड़े ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग को लेकर सोमवार को दोपहर लामबंद ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर के पास खड़े होकर प्रदर्शन किया। साथ ही विद्युत निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चेताया कि यदि तत्काल जले हुए ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया तो वे सभी उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।
विरोध प्रदर्शित कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि पिछले एक माह से ट्रांसफार्मर फुंका होने से सिंचाई नलकूप बंद पड़ा है। जिसके चलते सिंचाई न होने से गेहूं और सब्जियां सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। कहा कि फुंके हुए ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए कई बार विद्युत निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों से गुहार लगाई गई, किंतु आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भी इस मामले में बरती जा रही उपेक्षा से ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सुविधा शुल्क न देने से ही अब तक ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया। लिहाजा इसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। इस संबंध में विद्युत निगम के जेई जयप्रकाश ने बताया कि मामला संज्ञान में है और एक दो दिनों के अंदर जले हुए ट्रांसफार्मर को बदल दिया जाएगा। इस अवसर पर बिंदु देवी, ममता सिंह, सोना देवी, चंदा देवी, सुरेंद्र मौर्य, बिंदु देवी, राजेंद्र मौर्य आदि शामिल थे।