चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के तिरगावां सैदपुर गंगाघाट की रेती पर सोमवार को दिनदहाड़े करीब 11 बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे से डराकर एक सींचपाल की बाइक, पांच हजार नकदी व मोबाइल लूटकर भाग निकले। भुक्तभोगी ने थाने पर जाकर पुलिस को तहरीर दी है। जिसके आधार पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
गाजीपुर जनपद के चताईपारा गांव निवासी अंजनी कुमार सिंह (40) चहनियां ब्लाक क्षेत्र के डेढ़ावल स्थित कार्यालय में सींचपाल हैं। सोमवार की दोपहर 11 बजे वे चताईपारा स्थित घर से बाइक से ड्यूटी पर आ रहे थे। जैसे ही वे सैदपुर गंगाघाट स्थित पीपा पुल से तीरगावां के समीप रेती पर पहुंचे, उसी समय पहले से ही खडे़ बाइक सवार तीन बदमाशों ने रोक लिया। उनमें एक ने कनपटी पर तमंचा सटाकर भयभीत कर दिया, जबकि दो अन्य बदमाशों ने उसके पाकेट से पांच हजार रुपये, मोबाइल और बाइक ले लिया। फिर तीनों बदमाश दोनों बाइकों पर सवार होकर मारूफपुर की तरफ भाग गए। अचानक हुई इस घटना से परेशान अंजनी ने एक राहगीर के मोबाइल से 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद सीओ सकलडीहा राजेश कुमार तिवारी तथा बलुआ थानाध्यक्ष जनार्दन गिरि मय फोर्स मौके पर पहुंच गए और घटना के बारे में पीड़ित से पूछताछ की। घटना के बाद बलुआ पुलिस घंटों दो जनपदों के सीमा विवाद में उलझी रही। यदि पुलिस सूचना मिलने के बाद तत्परता दिखाई होती तो शायद बदमाश पकड़ लिए गए होते।
इनसेट
इस संबंध में बलुआ थानाध्यक्ष जनार्दन गिरि ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हो गया है और जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इनसेट
सीओ सकलडीहा राजेश कुमार तिवारी का कहना है कि लुटेरों का लोकेशन गाजीपुर जनपद में होने का मिल रहा है। जल्द ही पुलिस को इसमें कामयाबी मिलेगी।