पीडीडीयू नगर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की परीक्षाएं शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गईं। पहले दिन 10वीं की अंग्रेजी की परीक्षा हुई। इसके लिए पंजीकृत विद्यार्थियों में से 99 फीसदी विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह दिखा।
जिले के आठ केंद्रों पर सीबीएसई की परीक्षा चल रही है। परीक्षा में 10वीं के 5088 और 12वीं के 4305 विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं। मुख्य परीक्षाएं 17 फरवरी से होंगी। इससे पहले शनिवार को सुबह 8.45 बजे से 10वीं की अंग्रेजी का पेपर शुरू हुआ। जिले के सेंट जोसेफ स्कूल चहनियां, बीएंडबी इंटरनेशनल स्कूल धानापुर, पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय पीडीडीयू नगर, सनबीम मुगलसराय, लक्ष्मी पब्लिक स्कूल, एसजी पब्लिक स्कूल, जेएस पब्लिक स्कूल पांडेयपुर सहित कुल आठ केंद्रों पर पहले दिन 5088 विद्यार्थियों में से 5037 बच्चे परीक्षा में शामिल हुए। को-संचालक नवीन कुमार मौर्य ने बताया कि केंद्रों पर परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए सीएमपीएम एप का इस्तेमाल किया गया। कहीं से नकल की कोई शिकायत नहीं मिली।