चंदौली। पुलिस व यातायात विभाग ने मंगलवार को मुख्यालय पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 98 वाहनों का चालान करने के साथ सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों व यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की। साथ ही चालकों को नियमों के पालन के लिए जागरूक किया। पेट्रोल पंपों व ढाबा संचालकों को नोटिस थमाकर प्रतिष्ठान के सामने वाहन न खड़ा कराने की हिदायत भी दी।
पुलिस व यातायात विभाग की टीम ने ऑटो चालकों व ऑटो यूनियन से जुड़े लोगों को जागरूक किया। उन्होंने यातायात नियमों के पालन की हिदायत दी ताकि हादसों में कमी लाई जा सके। अभियान के दौरान 42 वाहन बेतरतीब ढंग से सड़क पर खड़े पाए गए। इस पर सभी का चालान किया गया। वहीं यातायात नियमों की अनदेखी पर भी कार्रवाई की गई। कुल 98 वाहनों का चालान किया गया। सीओ यातायात रघुराज ने कहा कि दुर्घटनाओं में कमी व यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए नियमों का पालन जरूरी है। इसलिए हेलमेट, सीट बेल्ट आदि का इस्तेमाल जरूर करें। कभी भी शराब पीकर वाहन न चलाएं। नियमों की अनदेखी से हादसे होते हैं।