चंदौली। भारत संचार निगम लिमिटेड की ओर से रविवार को मुख्यालय स्थित बीएसएनएल कार्यालय पर लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें विभागीय अधिकारियों ने कुल 17 वादों का निस्तारण कर 36761 रुपये वसूल किए। शिविर की शुरूआत मुख्य लेखाधिकारी वाराणसी निराकार साहू ने किया।
इस दौरान निराकार साहू ने कहा कि भारत सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इसका लाभ लेने के लिए उपभोक्ता अपने नजदीकी बीएसएनएल कार्यालय के कर्मचारियों से संपर्क कर जानकारी ले सकते हैं। जिन उपभोक्ताओं के टेलीफोन बिल में गड़बड़ी हो उसका भी सुधार करा सकते हैं। भारत सरकार की ओर से लोक अदालत के माध्यम से पुराने बकाए को उपभोक्ताओं से जमा करने की पहल हुई है। इसके लिए उपभोक्ताओं को बीएसएनएल की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं के बहाली के लिए पुराने बकाया का भुगतान करना होगा, तभी वे पुन: सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकते है। इस दौरान गिरधारी सिंह, गोविन्द नाथ गुप्ता, इंद्र प्रकाश कश्यप, एके गुप्ता, गोपाल यादव रहे।