30 केंद्रों पर शुरू हुई स्नातक की परीक्षाएं
39813 परीक्षार्थी होंगे शामिल,पहले दिन स्नातक की अंग्रेजी, संस्कृत और पाली की परीक्षाएं हुईं
जिले में बनाए गए 30 परीक्षा केंद्रों पर 39813 परीक्षार्थी होंगे शामिल
सीसी कैमरे की निगरानी के बीच स्नातक की परीक्षाएं शुरू
सचित्र- 06
अमर उजाला ब्यूरो
पीडीडीयू नगर। महात्मा गांधी से संबद्ध डिग्री कालेजों की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से सीसी कैमरे की निगरानी के बीच शुरू हो गई। जिले में 30 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी कालेज शामिल हैं। स्नातक और परास्नातक के कुल 39813 छात्र-छात्राएं इस बार परीक्षा में शामिल होंगे। पहले दिन करीब पांच हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा पर निगहबानी के लिए केंद्राध्यक्षों को ही नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा काशी विद्यापीठ से सात सचल दस्ते का गठन किया गया है। जो परीक्षा के दौरान भ्रमण कर केंद्रों का जायजा लेंगे।
सोमवार से स्नातक कक्षाओं की परीक्षा दो पालियों में आरंभ हुई। पहले दिन सुबह की पाली में स्नातक प्रथम वर्ष की संस्कृत व तृतीय वर्ष की अंग्रेजी की परीक्षा सुबह साढ़े आठ से 11 बजे तक हुई। वहीं शाम की पाली में स्नातक द्वितीय वर्ष की संस्कृत और बीकॉम द्वितीय वर्ष की कार्पोरेट एकाउंटिंग की परीक्षा दो से पांच बजे तक हुई। परीक्षा के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। नकल रोकने के लिए सचल दस्ता की सात टीमों का गठन किया गया है।
परीक्षा देने के लिए सुबह से ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ जुटने लगी थी। कालेज के शिक्षक व कर्मचारी पूरी छानबीन व प्रवेश पत्र की जांच से संतुष्ट होने के बाद ही छात्र-छात्राओं को अंदर जाने दे रहे थे। लाबशा पीजी कालेज के प्राचार्य व केंद्र व्यवस्थापक डा. सुरेंद्र मिश्रा ने बताया कि परीक्षा के पहले दिन प्रथम सत्र की परीक्षा में 81 परीक्षार्थी व दूसरे सत्र में 185 परीक्षार्थी शामिल रहे। प्रथम सत्र में अंग्रेजी में 65 व संस्कृत में 16 और द्वितीय सत्र में संस्कृत में 36, एकाउंट में 149 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। बताया कि लाबशा पीजी कालेज सहित सहित चंदासी के विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय और अलीनगर के राधाकृष्ण महिला महाविद्यालय के परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। खंडवारी देवी कालेज चहनिया में 50 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के लिए छात्रों के लिए अलग व छात्राओं के लिए अलग प्रवेश व निकासी द्वार बनाए गए थे।
परीक्षा आरंभ होने के बाद भी बंटा प्रवेश पत्र
लाबशा कालेज में परीक्षा आरंभ होने के बाद भी एक काउंटर से प्रवेश पत्रों का वितरण हुआ। प्रवेश पत्र लेने वालों में वे परीक्षार्थी शामिल रहे जिनके विषयों की परीक्षा अभी आरंभ नहीं हुई है। हांलाकि प्रवेश पत्र वितरण से परीक्षा के संचालन में किसी प्रकार की दिक्क्त नहीं आई।