कमालपुर (चंदौली)। ओरियंटल बैंक आफ कामर्स के वाराणसी मंडल कार्यालय व डेढ़गांवा शाखा की ओर से शुक्रवार को वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डेढ़गांवा गांव के पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में बैंकिंग प्रणाली, लाभ-हानि व योजनाओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई और ग्रामीणों को बैंक से मिलने वाले सुविधाओं की जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि बैंक के डीडीएम हीरालाल ने कहा कि बैंक से जुड़ने पर ग्रामीणों को कई लाभ मिलते हैं। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए बैंक द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें मुर्गी पालन, डेयरी, पशु पालन आदि शामिल हैं।बेरोजगार बैंक से जुड़कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं। कहा, खाताधारक एटीएम की सुरक्षा के प्रति सदैव सतर्क रहें। एटीएम खो जाने पर तत्काल उसे बंद कराएं। बैंक की ओर से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजनाओं का लाभ खाताधारक बैंक से ले सकते हैं। किसी भी समस्या के लिए शाखा प्रबंधक से मिलकर उसे दूर किया जा सकता है। इस मौके पर बीएम बदौलिया, शाखा प्रबंधक रामजी, कमलेश, शुभम जायसवाल, दीनदयाल, संजय अग्रहरी, बिहारी राम उपस्थित रहे।