पड़ाव। नियामताबाद विकास खंड के बखरा गांव में पांच माह से पानी आपूर्ति न होने से नाराज होकर ग्रामीणों ने गुरुवार को गांव में प्रदर्शन किया। इस दौरान जल निगम और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नियमित रूप से पानी आपूर्ति नहीं की गई तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे।
बखरा गांव में चांदीतारा स्थित जल निगम के टंकी से पेयजल आपूर्ति हो रही है। लोड अधिक होने के बाद पिछले वर्ष जल निगम ने व्यासपुर गांव में एक नई टंकी स्थापित की गई और बखरा को इससे जोड़ दिया गया। इससे गांव में पानी आपूर्ति शुरू हुई लेकिन धीरे धीरे पानी का फोर्स कम होने लगा। मार्च माह से गांव में पानी न के बराबर आपूर्ति हो रही है। ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत जल निगम के अधिकारियों से की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। वर्तमान में स्थिति यह है कि घरों में लगी पानी की टोटियों से पानी नहीं निकलता है। ग्रामीणों को कुओं और हैंडपंप पर आश्रित होना पड़ रहा है। गुरुवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने एकत्र होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पानी आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सुगवंती देवी, तारा देवी, श्यामदुलारी देवी, राजमनी देवी, श्यामा देवी, रामकेश, जवाहिर पटेल, महेंद्र पटेल, सत्यनारायण पटेल, राधे पटेल, लक्ष्मण पटेल, मिथुन पटेल, विष्णु पटेल, अमृत लाल, सुभाष रहे।