सकलडीहा। सकलडीहा राजवाहा में अचानक तेज गति से पानी आने से सोमवार को दोपहर में ताजपुर गांव के समीप राजवाहा टूट गया। इससे हरिहरपुर गांव का सैकड़ो बीघा खेत ज मग्न हो गया। सूचना के घंटों बाद भी अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों में आक्रोश रहा। बाद में एसडीएम के निर्देश पर पहुंचे विभागीय ठेकेदार ने प्रधान के सहयोग से पानी रोकवाकर किसानों को राहत दिलाई।
सकलडीहा राजावाहा में अचानक पानी बढ़ जाने से राजवाहा लबालब हो गया। यहां तक कि सड़क पर भी पानी बहने लगा। इसी बीच ताजपुर प्राथमिक विद्यालय के समीप राजवाहा के टूट जाने से पानी खेतों में जाने लगा। गांव में पानी घुसने के डर से ग्रामीणों में खलबली मच गई। मौके पर पहुंचे ग्राम प्रधान अमित सिंह ने फोन से विभागीय अधिकारियों को सूचना दी। बावजूद इसके घंटों बाद भी मौके पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। तब ग्रामीणों ने एसडीएम को स्थिति से अवगत कराया। एसडीएम के निर्देश पर पहुंचे विभागीय ठेकेदार ने ग्रामीणों के सहयोग से बोरों में मिट्टी भरकर किसी तरह पानी के प्रवाह को रोकने में सफलता पाई। इसके बाद किसानों ने राहत की सांस ली। एसडीएम राम संजीवन मौर्य ने बताया कि विभागीय अधिकारियों को बताया गया है। पानी सप्लाई को बंद कराया जा रहा है।