सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पचपेड़वा अंडरपास के पास रिंग रोड पर घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध क्रेटा कार और डीसीएम मिनी ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों वाहनों के चालक भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान क्रेटा कार की डिग्गी से 22 किलोग्राम तथा डीसीएम ट्रक में नीली पॉलीथीन के नीचे छिपाकर रखे गए 68 किलोग्राम गांजे के बंडल बरामद हुए। इस तरह दोनों वाहनों से कुल 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे अपने वाहन स्वामी के कहने पर ओडिशा से गांजा खरीदकर राजस्थान और दिल्ली पहुंचाने का काम करते थे। पुलिस से बचने के लिए गांजे को अलग-अलग बंडलों में छिपाकर ट्रक में रखा गया था, जबकि आगे चल रही क्रेटा कार रास्ता साफ होने की जानकारी दे रही थी। पुलिस ने राजस्थान, बिहार, दिल्ली और ओडिशा के रहने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें काशीराम (हनुमानगढ़, राजस्थान), मनोज कुमार (अरवल, बिहार), ज्ञानेन्द्र कुमार (रोहिणी, दिल्ली) और सुशांत कुमार दिग्गल (कंधमाल, ओडिशा) शामिल हैं।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना अलीनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इस अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला है और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। जल्द ही इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।