धान का मूल्य न मिलने से किसानों ने किया प्रदर्शन
समिति पर साठ किसानों का 1.29 करोड़ रुपये हैं बकाया
लापरवाही से किसानों को अब तक नहीं मिला पैसा
अमर उजाला ब्यूरो
नईबाजार। क्षेत्र के दिघवट गांव में स्थित साधन सहकारी समिति धान क्रय केंद्र पर किसानों के बेचे गये धान का मूल्य नहीं मिला है। इससे नाराज होकर नदरा गांव के किसानों ने हीरा पाठक के नेतृत्व में साधन सहकारी समिति पर पहुंच कर हंगामा और प्रदर्शन किया। किसानों ने बताया कि धन न मिलने से अगैती खेती और घर के कार्यों में दिक्कत हो रही है।
दिघवट साधन सहकारी समिति पर बने धान क्रय केंद्र पर क्षेत्र के 88 किसानों से छह हजार 53 कुंतल और 60 किलो धान की खरीद हुई है। इसका मूल्य एक करोड़ 60 लाख 14 हजार 872 रुपये है। 28 किसानों का 31 लाख 14 हजार 872 रुपये का भुगतान हुआ है। वहीं 60 किसानों का एक करोड़ 29 लाख 14 हजार 872 रुपये अब तक बकाया है। किसानों का कहना है कि उन्होंने दिसंबर माह में धान बेचा था। आशा थी कि समय से बैंक एकाउंट में धन आ जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इससे उनके आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आरोप लगाया कि नेताओं के कहने पर यहां कुछ किसानों का भुगतान किया गया है। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में केंद्र प्रभारी सोमारू पाल ने कहा कि धन न मिलने की वजह से किसानों को धन नहीं मिला है। धन आते ही किसानों के खाते में पैसा भेज दिया जाएगा। इस मौके पर रंजय पांडेय, मुुसाफिर पाठक, आनिल पाठक, बाला सिंह, लल्लू सिंह, संदीप सिंह झून्ना पांडेय मौजूद रहे।