कंदवा। तेल्हरा-कंदवा गांव के बीच खेत मे टूट कर गिरे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से बुधवार की सुबह कंदवा गांव निवासी बेफिया देवी (52) की मौत हो गई। सूचना पर यूपी100 और कंदवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को थाने ले आई और पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद घर वालों में रोना-धोना मच गया।
बुधवार की सुबह करीब 11 बजे कंदवा गांव निवासी स्वर्गीय विक्रमा बिंद की पत्नी बेफिया जानवरों के लिए घास काटने के लिए सिवान में गई थी। अभी वह खेत में पहुंची ही थी कि उसका पैर खेत मे टूट कर गिरे हाई टेंशन तार पर पड़ गया और वह हाई टेंशन करेंट की चपेट में आ गई। उसके चीखने पर साथ गई अन्य महिलाएं मौके पर पहुंचीं लेकिन उसको तार में फंसकर तड़पते देखकर सहम गईं और शोर मचाने लगीं। शोर मचाते देखरेख मौके पर पहुंचे लोगों ने समद विद्युत उपकेंद्र पर फोन कर बिजली कटवाई। तब तक महिला ने झुलसकर दम तोड़ दिया था । ग्रामीणों की सूचना पर यूपी100 और कंदवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कंदवा थाने ले आयी और पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम कराने के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं पूरे गांव में मातम पसर गया है।