पूर्व मध्य रेल भारत स्काउट्स एंड गाइड्स जिला संघ आरपीएफ ओपन ग्रुप की ओर से नगर के यूरोपियन कालोनी स्थित सामुदायिक भवन में एक शिविर का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी व स्काउट के जिला आयुक्त जयप्रकाश सिंह ने कहा कि स्काउट की वजह से व्यक्तित्व का विकास होता है तथा इससे जीवन के विभिन्न तकनीकी पक्षों की जानकारी होती है।
इसके पूर्व कार्यक्रम का शुुरूआत सुबह आठ बजे ध्वजारोहण से हुआ। इसके बाद पंचमढ़ी दिवस के आधार पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। विजेताओं को सीनियर डीपीओ जयप्रकाश सिंह ने पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि इन सभी दिवसों का मुख्य उद्देश्य परंपराओं को याद करना व बेहतर कार्य करना है तथा उस विषय के ऐतिहासिक तथ्यों के बारे में जानकारी होती है जिससे यह दिन जुड़ा होता है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला सचिव श्रीमोहन राय ने बताया कि आज ही के दिन मध्य प्रदेश के पंचमढ़ी में भारत स्काउट्स-गाइड्स का नेशनल ट्रेनिंग सेंटर स्थापित किया गया था। उसी उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष पंचमढ़ी दिवस समारोह मनाया जाता है। प्रत्येक स्काउट-गाइड के जीवन में पंचमढ़ी दिवस का विशेष महत्व होता है। यह हमारी गौरवशाली परंपरा को भी दर्शाता है। जिला प्रशिक्षण आयुक्त अजय कुमार, देवशरण ठाकुर, दिनेश तिवारी, सतीष कुमार, मार्कंडेय सिंह, प्रभाकर सिंह सहित स्काउट्स उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत जिला सचिव संतोष तिवारी व संचालन कुंजबिहारी मिश्रा ने किया।