कंदवा। मानसून की जोरदार दस्तक और गुरुवार से हो रही मूसलाधार बारिश के बरहनी विकास खंड के कोरमी गांव में मुख्य मार्ग पर जल जमाव हो गया है । लोगो को मार्ग में लगे पानी में होकर गुजरना पड़ रहा है । पानी के चलते लोगों को असुविधा सामना करना पड़ रहा है।
बरहनी विकास खंड के कोरमी गांव में कुछ लोगों द्वारा जलनिकासी की जगह पर अतिक्रमण कर लिया गया है। इससे बारिश का पानी गांव के मुख्य मार्ग पर जमा हो गया है। इससे लोगों को आवागमन करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सफाइ कर्मियों के गांव में न आने के चलते नालियां भी ओवरफ्लो कर रही हैं । एक सप्ताह पूर्व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बबलू राय द्वारा डायल 100 को सूचना देकर अतिक्रमण की जानकारी दी गई थी। इस पर डायल 100 की टीम ने मौके पर जाकर अतिक्रमण हटवाकर रुके पानी को निकलवाया, लेकिन एक बार फिर वहां अतिक्रमण हो गया है। हैंडपम्प के आस पास भी पानी भरा हुआ है । गांव के संतोष राय , डब्बू राय, जोखन राय, राम निवास, दिनेश गुप्ता, अभिषेक बिंद, तुल्ला बिंद, जनार्दन खरवार, नेहाल राय, केदार राय आदि ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अतिक्रमण हटाने और नालियों के साफ सफाई की मांग की है ।