पीडीडीयू नगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा की काॅपियों का मूल्यांकन शनिवार को भी जारी रहा। चौथे दिन कॉपियों के मूल्यांकन कार्य में तेजी आई। इस दौरान 28 हजार 127 काॅपियों की जांच की गई। हालांकि चौथे दिन भी 787 परीक्षक मूल्यांकन से दूर रहे। चार दिन की स्थिति पर नजर डालें तो 32 प्रतिशत कापियों के मूल्यांकन का काम पूरा हो चुका है।
जिले में महेंद्र टेक्निकल इंटर काॅलेज चंदौली, नगर पालिका इंटर कॉलेज पीडीडीयू नगर और राजकीय इंटर कॉलेज चकिया में बोर्ड परीक्षा की काॅपियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। मूल्यांकन के चौथे दिन शनिवार को महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की 10195 काॅपियों का मूल्यांकन किया गया। यहां 424 परीक्षक में 227 उपस्थित रहे। इसी तरह नगर पालिका इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की 10778 और आदित्य नारायण इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की 7154 काॅपियों की जांच की गई। नगर पालिका इंटर कॉलेज 468 में 265 परीक्षक और आदित्य नारायण में 467 में 265 परीक्षकों ने काॅपियां जांचीं। डीआईओएस डीएस यादव ने बताया कि कॉपियों का मूल्यांकन शांतिपूर्ण ढंग से किया जा रहा है। अब तक 32 प्रतिशत काॅपियों का मूल्यांकन पूरा किया जा चुका है।