नियामताबाद। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक नगर चौकी अंतर्गत पटनवा गांव की सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान में चोरी हुई है। अन्नपूर्णा भवन का ताला तोड़कर चोर सोमवार की रात 76 बोरी खाद्यान्न चुरा ले गए। पुलिस ने मैजिक पर खाद्यान्न लेकर भाग रहे गाड़ी का पिछा किया, लेकिन कोहरे का फायदा उठाकर चोर भागने में सफल रहे। कोटेदार को पुलिस ने सूचना दी। मौके पर पहुंचे कोटेदार रूना देवी ने आपूर्ति निरीक्षक को अवगत कराया। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार की देर रात लगभग पौने एक बजे पुलिस गश्त पर निकले चौकी प्रभारी संजय सिंह को देखकर अन्नपूर्णा भवन की तरफ से तेज गति से मैजिक निकली। पुलिस को शक हुआ और मैजिक का पिछा करने लगे। पुलिस जब अन्नपूर्णा भवन पहुंची, तो चावल जमीन पर गिरा मिला। दुकान का ताला टूटा हुआ और शटर खुला हुआ था। कोटेदार रूना देवी के अनुसार 76 बोरी खाद्यान्न में 52 बोरी चावल और 24 बोरी गेंहू चोर ले गए। मंगलवार की सुबह पूर्ति निरीक्षक राजीव गुप्ता मौके पर पहुंचे और जांच किया गया। पूर्ति निरीक्षक राजीव गुप्ता ने कहा कि पुलिस भी मामले से अवगत है। चोरी की बढ़ती घटना से ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है।