फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंधी-पानी से कई इलाकों में आपूर्ति ठप, पानी का संकट

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
चंदौली/पीडीडीयू नगर। उड़ीसा में आए फेनी तूफान ने जिले में खूब तबाही मचाई। गुरुवार की रात आई तेज आंधी-पानी से जहां चार लोगों की मौत हो गई वहीं बिजली के पोल टूटने से जिले के कई इलाके अंधेरे में डूब गए हैं। आपूर्ति बाधित होने से इस गर्मी में लोगों का घरों में रहना मुहाल हो गया है। वहीं पानी का संकट भी खड़ा हो गया है। चंदौली में हाईमास्ट पोल गिरने से राहगीर बाल-बाल बच गए। कुछ स्थानों में टिन शेड व मड़ई के छप्पर भी तेज हवा के साथ दूर जा गिरे। शुक्रवार की दोपहर भी तेज हवा चलने के साथ शाम को गरज के साथ हल्की बूंदे भी गिरीं। हालांकि मौसम में हुए बदलाव से गर्मी व उमस से लोगों को थोड़ी राहत मिली है लेकिन बारिश से किसानों की समस्याएं बढ़ गई हैं।
मौसम का मिजाज गुरुवार को शाम पांच बजे बदलना शुरू हुआ और तेज चटक धूप उस वक्त छांव में तब्दील हो गई, जब बादलों की आवाजाही ने सूर्य को पूरी तरह से ढक लिया। इसके कुछ मिनटों पर तेज आंधी चली तो धुल के गुबार से शहरी व कस्बाई इलाकों पूरी तरह से भर गया। आलम यह था कि धूल के कारण कम दिखने से छोटे-बड़े वाहन सड़क किनारे खड़े हो गए। लोग आंधी कम होने का इंतजार करने लगे, लेकिन बीच-बीच बारिश भी शुरू हो गई। दूसरी ओर नगर के पुरानी बाजार को जाने वाले मोड़ के पास तेज हवा व बारिश के बीच सड़क किनारे लगा हाईमास्ट टावर तेज आवाज के साथ गिर गया और वहीं बाइक सवार एक युवक व महिला बाल-बाल बच गए। निर्वाचन कार्यालय का वाहनों को खड़ा करने के लिए बना टिनशेड भी उड़ गया। इस बारिश और हवा से गर्मी से राहत लोगों को जरूर मिली है लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई हैं। कारण कि अभी खेतों से गेहूं की कटाई और मड़ाई का काम पूरा नहीं हो सका है। इसके अलावा चकिया, शहाबगंज, बबुरी और सकलडीहा में बिजली आपूर्ति देर शाम तक ठप रही।
विज्ञापन




सकलडीहा/कमालपुर। आंधी में बरठी गांव के अशोक सिंह व आलोक सिंह पोल्ट्री फार्म पर लगा करकट उड़ गया था। मुर्गीपालक के अनुसार करकट की चपेट में आने से सैकड़ों मुर्गो के मरने से लगभग तीन से चार लाख रुपये का नुकसान हो गया है। वहीं दिघवट गांव के पोतन राजभर के पक्के मकान की दीवाल बिजली गिरने से चटक गई। इस बावत उपजिलाधिकारी रामसजीवन मौर्य ने बताया कि लेखपाल के माध्यम से जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं कमालपुर क्षेत्र के बभनियाव गांव में गुरुवार के दिन शाम आए तूफान से प्रकाश राम के घर की दीवाल भरभराकर गिर गई। संयोग अच्छा रहा कि पति-पत्नी बाजार गए हुए थे घर पर बच्चे आम बीनने की लालच में घर से बाहर थे। प्रकाश दिव्यांग है वह सिलाई का काम कर घर का खर्च उठाता है। दीवार गिरने और गृहस्थी का सामान नष्ट होने से परेशान है। प्रकाश का पूरा परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है। अभी तक न तो प्रशासन और न ही किसी जनप्रतिनिधि ने उसकी सुधि ली है।
विज्ञापन

बबुरी संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर जरखोर हटिया समेत कई गांव में पेड़ गिर गए। तेज आंधी से बिजली के पोल और तार भी धराशायी हो गए। इससे इलाके की आपूर्ति ठप है। वहीं पेड़ गिरने से जगदीशपुर प्राइमरी स्कूल की बाउंड्री भी गिर गई। मंगल राम और फौजी राम का खपड़े का मकान ढह गया। पखंडू और बुल्लू का टिनशेड टूट गया तो गोपाल सिंह के मड़ई गिर गई ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें