निबंध प्रतियोगिता में धीना के रोहित रहे अव्वल
विज्ञान, चित्रकला और क्विज प्रश्नोत्तरी का भी परिणाम घोषित
अमर उजाला ब्यूरो
कंदवा। बरहनी स्थित ब्लाक संसाधन केंद्र में मंगलवार को हुई उच्च प्राथमिक विद्यालय स्तरीय निबंध, विज्ञान, चित्रकला और क्विज प्रश्नोत्तरी का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। इसमें निबंध में उच्च प्राथमिक विद्यालय धीना के रोहित गोंड, विज्ञान चित्रकला में यूपीएस नेवादा के अरविंद कुमार और क्विज प्रश्नोत्तरी में यूपीएस सैयदराजा की आंचल वर्मा व यादवेंद्र दत्त ने प्रथम स्थान हासिल किया।
मंगलवार को ब्लाक संसाधन केंद्र बरहनी में यूपीएस स्तरीय निबंध, विज्ञान, चित्रकला और क्विज प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया था। इसमें ब्लाक के 54 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में से 50 विद्यालयों के 140 बच्चों ने प्रतिभाग किया था। चार विद्यालयों के बच्चे विद्यालय पर शिक्षकों की कमी के चलते परीक्षा में प्रतिभाग नहीं कर पाए थे। बीईओ राकेश सिंह ने बताया कि प्रथम आने वाले छात्रों को पांच सौ, दूसरा स्थान पाने वालों को तीन सौ और तीसरा स्थान हासिल करने वाले छात्रों को सौ रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। विजेता बच्चे जिला स्तरीय परीक्षा में भाग लेंगे जिसमें प्रथम आने पर पांच हजार, द्वितीय आने पर तीन हजार और तृतीय स्थान पाने पर दो हजार रुपये पुरस्कार में मिलेंगे। वहीं चौथा स्थान पाने वाले छात्रों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में एक हजार रुपए दिए जाएंगे। इस मौके पर एबीआरसी रामजी प्रसाद, अनिल सिंह, सुरेश सिंह, यशवर्धन सिंह, आलोक सिंह, योगेश सिंह मौजूद रहे।