चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सचिव मृत्युंजय कुमार नारायण बुधवार को आ रहे हैं। वे नीति आयोग की ओर से आकांक्षात्मक घोषित चंदौली व सोनभद्र जनपद में कार्यक्रमों व विकास कार्यों के प्रगति की समीक्षा करेंगे। साथ ही धान क्रय केंद्रों व परियोजनाओं का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जानकारी भी लेंगे। इसे लेकर अधिकारी-कर्मचारी मंगलवार को तैयारियों में दिन भर जुटे रहे।
जनपद आगमन के दौरान सीएम के दूत नीति आयोग की प्राथमिकता में शामिल स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण संबंधी योजनाओं की विभागवार समीक्षा के साथ धान खरीद व कृषि योजनाओं की जानकारी लेंगे। साथ ही शासन की ओर से ग्रामीणों के लिए संचालित योजनाओं की भी समीक्षा करेंगे। अधिकारियों के गोद लिए गांवों में भी पोषण मिशन फिसड्डी है। गांवों में कुपोषित व अतिकुपोषित बच्चों की स्थिति भी स्पष्ट नहीं हो पा रही है। इसको लेकर अधिकारियों में खलबली मंची है। अधिकारी-कर्मचारी फाइलों को पूरा करने के साथ ही आंकड़ों को भी ठीक करने में लगे हुए हैं। समीक्षा बैठक के दौरान सब कुछ ओके दिखाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। वहीं मुख्य विकास अधिकारी डा. एके श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री के सचिव पांच दिसंबर को कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। साथ ही नीति आयोग के कार्यक्रमों व सीएम के विकास के 75 बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा होगी।