कंदवा। सैयदराजा जमानिया मार्ग पर रविवार को दूसरे दिन भी जाम लगा रहा। पूरे दिन गाड़ियां रेंगती नजर आई। वहीं रामपुर पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी जाम को छुड़ाने में लगे रहे।
सैयदराजा जमानिया मार्ग पर इस समय ओवरलोड वाहनों का आवागमन धड़ल्ले से जारी है। सड़क क्षतिग्रस्त होने के चलते कई ट्रक बीच रास्ते में खराब हो जा रहे हैं। जिससे इस मार्ग पर जाम की स्थिति बन जा रही है। जाम का कारण बन रहे ऐसे वाहनों पर रोक लगाने के बजाय परिवहन विभाग और पुलिस के अधिकारी मौन हैं। शनिवार को रामपुर पुलिस चौकी के पास डीएम और एसपी के वाहनों का काफिला भी जाम में फंस गया था। जाम के चलते स्थानीय लोगों के अलावा छोटे वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जब जिले के आला अफसर ही जाम की समस्या से दो चार हो रहे है तो आम आदमी की कौन सुनने वाला है।