चंदौली। ग्राम स्वराज अभियान के तहत जनपद में चयनित 40 गांवों और चार वार्डों में विकास कार्यों पर नजर रखने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किये जाएंगे। अधिकारियों का चयन कर सूची तैयार की जा चुकी है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद अधिकारियों की तैनाती कर दी जाएगी। जो गांवों में होने वाले विकास कार्यों की निगरानी करेंगे और योजनाओं से संचालन हेतु जवाबदेह भी होंगे।
ग्राम स्वाराज अभियान के तहत जिले में 40 गांव और चार वार्डों का चयन किया गया है। सदर, सकलडीहा, नियामताबाद और चकिया के पांच-पांच गांवों का चयन किया गया है जबकि शहाबगंज सात नौगढ़ दो और चहनियां और धानापुर के एक-एक गांव चयनित हैं। इसके अतिरिक्त नौ अनुसूचित बाहुल्य गांव भी योजना में चयनित किए गए हैं। इन गांवों में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के कुशल संचालन के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे। जबकि चार वार्डों में विकास की जिम्मेदारी संबंधित अधिशासी अधिकारी की होगी। मुख्य विकास अधिकारी डा. एके श्रीवास्तव ने बताया कि ग्राम स्वराज अभियान के तहत चयनित गांवों में 16 कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। ब्लाक और जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी के रूप में लगाया जाएगा। विकास कार्यक्रमों की निगरानी की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं की होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही मिली या शत प्रतिशत पात्रों को योजनाओं से संतृप्त नहीं किया गया तो इसके लिए नोडल अधिकारी सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे। बताया कि पांच मई तक पात्रों को योजनाओं का लाभ दिया जाना है।