कंदवा (ब्यूरो) । क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी डाक्टर हरिश्चंद्र प्रजापति और कोऑपरेटिव के जिला प्रबंधक अमरनाथ सिंह ने शुक्रवार को यूपी एग्रो के कम्हरिया और असना गेंहूं क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गेंहूं खरीद शुरू न होने पर कम्हरिया केंद्र प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई तथा अविलंब खरीद शुरू करने की चेतावनी दी। कहा कि शासन की मंशा के विपरीत कार्य करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे क्षेत्रीय विपणन अधिकारी डॉ. हरिश्चंद्र प्रजापति कम्हरिया क्रय केंद्र जा पहुंचे। क्रय केंद्र पर किसी अधिकारी के आने की भनक लगते ही क्षेत्रीय किसान भी साधन सहकारी समिति कम्हरिया के अध्यक्ष शिवमूरत सिंह के साथ पहुंच गए। किसानों ने क्षेत्रीय विपणन अधिकारी से क्रय केन्द्र पर खरीद न होने की शिकायत की। शिवमूरत सिंह ने कहा कि अगर किसानों के हित में तत्काल खरीद शुरू नहीं हुई तो हम किसान धरना प्रदर्शन करेंगे। इस पर खाद्य विपणन अधिकारी क्रय केंद्र प्रभारी मनीष सिंह पर भड़क उठे और चेताया कि अगर कल से खरीद शुरू नहीं हुई तो निलंबन को तैयार रहें। उसके बाद वे असना क्रय केंद्र पर जा धमके। निरीक्षण किया तो किसानों ने बताया गया कि क्रय केंद्र पर किसानों के गेंहूं की जगह बिचौलियों खरीद हो रही है। इस पर उन्होंने केन्द्र प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई। चेतावनी दी कि अगर किसानों की जगह बिचौलियों की खरीद हुई तो निलंबन की कार्रवाई होगी। उन्होंने क्रय केंद्र प्रभारियों से खरीद शुरू करने और उसमें तेजी लाने का निर्देश दिया। इस दौरान शिवमूरत सिंह, रवि पांडेय, संजय दूबे, त्रिलोकी सिंह, गोवर्धन साह, सोनू राय, राम अवध यादव उपस्थित रहे ।